24-Hours-in-Rishikesh.jpg

रेगिस्तान के धोरों से गंगा की लहरों तक: बीकानेर से ऋषिकेश का वो यादगार सफर (Part 1)


रूट: बीकानेर - बठिंडा - हरिद्वार - ऋषिकेश

कुछ सफर सिर्फ मंजिलों के लिए नहीं, बल्कि खुद को तलाशने के लिए होते हैं। 18 अप्रैल का वो दिन मुझे हमेशा याद रहेगा, जब मैं और मेरा दोस्त अमित, बीकानेर की तपती धूप को पीछे छोड़कर बाबा केदार के बुलावें पर निकल पड़े। लक्ष्य बड़ा था, पहाड़ बुला रहे थे, और दिल में एक अलग ही बेचैनी थी।


"निकल पड़े हैं खुले रास्तों पर, मंजिल की तलाश में, शहर पीछे छूट रहा है, सुकून है हर सांस में।"


आखिरी मिनट की भागदौड़ और 3rd AC का सुकून


  शाम की 5:00 बजे की ट्रेन थी और हम ठहरे बीकानेरी, 4:50 पर प्लेटफॉर्म पर हाफते हुए पहुँचे! जैसे-तैसे सामान सेट किया और अपनी 3rd AC की सीट पर ऐसे पसरे कि मानो पूरा डिब्बा अपना ही हो 😄। ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी, मैंने कैमरा निकाला और पहली रील इंस्टाग्राम पर डाली—ताकि दुनिया को पता चल जाए कि अब 'Desi Discoveries' पर कुछ तूफानी आने वाला है।

ट्रेन, दोस्ती और घर का स्वाद

  सूरतगढ़ आते-आते भूख ने दस्तक दी। मैं तो जल्दबाजी में खाना भूल गया था, पर अमित 'भाभी जी' के हाथ का बना खजाना साथ लाया था। आलू की सूखी सब्जी और परांठे! साथ में एनर्जी बूस्टर के तौर पर फ्राई किए हुए काजू, बादाम, किशमिश और गुड़-चने। यकीन मानिए, केदारनाथ के कठिन ट्रेक की तैयारी उसी वक्त शुरू हो गई थी।

हाईलाइट पॉइंट: ट्रेन की जानकारी

  • ट्रेन: बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस (यह हमेशा फुल रहती है, कम से कम 1 महीना पहले टिकट बुक करा लें)।

  • भीड़: रात 12 बजे बठिंडा पहुँचते ही ट्रेन पूरी पैक हो गई।


पहाड़ों की पहली झलक और ऋषिकेश की वाइब

सुबह 6 बजे जब आँख खुली, तो खिड़की के बाहर का नजारा बदल चुका था। वो राजस्थान की रेत नहीं, बल्कि दूर दिखते ऊँचे पहाड़ और हरियाली थी। 7 बजे हरिद्वार और ठीक 9 बजे हम ऋषिकेश स्टेशन पर थे।

ऋषिकेश स्टेशन से बाहर निकलते ही हवा में जो ठंडक और मंत्रों की गूंज महसूस हुई, उसने बता दिया कि हम सही जगह आ गए हैं।


"गंगा की लहरें, घाटों की शाम, ऋषिकेश में बसता है, महादेव का नाम।"

कहाँ ठहरें और क्या करें? (Desi Tips)

हमने लक्ष्मण झूले के पास एक आश्रम में ₹1500 में कमरा लिया। अगर आप बजट ट्रेवलर हैं, तो यहाँ आपको ₹1000-1200 में भी रूम मिल जाएंगे और अगर आप अकेले हैं तो ₹400-800 में डोर्मिटरी बेड सबसे बेस्ट ऑप्शन है।

ऋषिकेश में बिताया हमारा पहला दिन:

  1. गंगा स्नान और चाय: 11 बजे गंगा जी के ठंडे पानी  में डुबकी लगाई और फिर पी 'पहाड़ों वाली चाय'। (Best Tea Tip: रामझूला और परमार्थ निकेतन के पास की चाय मिस मत करना!)

  2. बीकानेर का स्वाद: इत्तेफाक से उस दिन 'आखातीज' थी। हम गीता भवन के पीछे राजस्थानी भोजनालय पहुँचे (जो हमारे बीकानेर के ही एक अंकल चलाते हैं)। वहाँ हमें मिला बीकानेर का मशहूर इमली-खिचड़ा। सच में, घर से दूर घर जैसा स्वाद मिल गया!

  3. घाटों की रौनक: शाम को ऋषिकेश का एक अलग ही रूप दिखता है। साईं घाट और फ्रीडम घाट पर विदेशी टूरिस्ट्स, सिंगर्स और आर्टिस्ट्स का जमावड़ा रहता है। ओपन माइक में संगीत की धुनें और गंगा की लहरें—सच कहूँ तो, ऋषिकेश में दिल लग जाता है।







अगले पड़ाव की तैयारी

ऋषिकेश में मेरा दोस्त गौरव रहता है (जो मुंबई की चकाचौंध छोड़कर यहाँ के सुकून में बस गया है)। अपना एक्स्ट्रा सामान उसके पास सुरक्षित रखा और अगली सुबह के लिए एक प्राइवेट टैक्सी बुक की—सीधे सोनप्रयाग के लिए।


अगले व्लॉग में क्या होगा? ऋषिकेश से केदारनाथ के रास्ते के वो खतरनाक मोड़, हसीन वादियां और महादेव के दरबार तक पहुँचने की हमारी जद्दोजहद। क्या हम समय पर पहुँच पाए? जानने के लिए पढ़ते रहिये Desi Discoveries!


कैसा लगा यह सफर का आगाज़? कमेंट्स में जरूर बताएं!